Friday, April 19, 2024
Homeहरियाणासोनीपतमामूली विवाद में ग्राहकों पर होटल मालिक ने किया जानलेवा हमला, घोंपे...

मामूली विवाद में ग्राहकों पर होटल मालिक ने किया जानलेवा हमला, घोंपे चाकू

ग्राहकों के विवाद में 3 युवकों पर दूसरे होटल के संचालक ने जानलेवा हमला कर दिया, वही दूसरी वारदात में झूठे केस में नाम लिखाने की रंजिश के चलते 25 युवकों ने 2 युवकों पर जानलेवा हमला कर बुरी तरह से पीटा, अधमरा छोड़ कर फरार हो गए। सिटी पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज किए हैं।

गोहाना। हरियाणा में आजकल मामूली विवादों में जिस तरह जानलेवा हमले हो रहे हैं उससे साफ़ लगता है कि लोगों में सहनशीलता खत्म होती जा रही है। कल देर रात गोहाना की सड़कों पर खूब मारपीट हुई। एक होटल संचालक ने रंजिश रखते हुए पड़ोसी होटल के ग्राहकों पर जानलेवा हमला कर दिया। ग्राहकों को लेकर चल रहे झगड़े एक युवक को दूसरे होटल संचालक और उसके साथियों ने चाकू घोंप दिया। वहीँ दो और युवकों पर लाठी डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। वहीँ दूसरी एक और वारदात में दो दर्जन के करीब युवकों ने पुरानी रंजिश के चलते दो युवकों पर डंडों से हमला कर उन्हें अधमरा कर दिया और फरार हो गए। सिटी पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज किए हैं।

गोहाना में पहली वारदात ट्रक यूनियन के सामने गली में हुई। यहां पर गामड़ी बुरान के संजय और खंदरई गांव के सुरेंद्र के आमने सामने होटल हैं। इन पर ग्राहकों को लेकर रंजिश बनी हुई है। गांव गामड़ी बुरान के संजय ने बताया कि उनका होटल अच्छा चल रहा है। इसी के चलते सामने वाले दूसरे होटल के मालिक सुरेंद्र रंजिश रखता है। दोनों के बीच कहासुनी हो चुकी है। बीती रात को वह अपना होटल बढ़ा कर साथी दीपक, संदीप के साथ निकला था।

इसी बीच सुरेंद्र 10-12 लड़कों के साथ उनके सामने आ गया। दोनों को घेर कर इन्होंने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बुरी तरह से उनको मारपीट की। इसी बीच संदीप जान बचाकर भाग निकला, लेकिन उसका साथी दीपक चोटों के कारण गली में ही गिर गया। संजय का कहना है कि उसने देखा कि सुरेंद्र ने जेब से चाकू निकालकर दीपक के पेट में घोंप दिया। वह बेहोश होकर गिर गया। उसने भागने का प्रयास किया तो खटीक मोहल्ले की तरफ घेर कर उसे बुरी तरह डंडों से पीटा। सिटी थाने में संजय की शिकायत पर पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित विभिन्न आधा दर्जन धाराओं में सुरेंद्र व अन्य पर केस दर्ज कर लिया है। संजय और दीपक का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

वहीँ बीती रात गोहाना में मारपीट की हुई दूसरी वारदात गुढ़ा रोड पर माता वाली गली के पास हुई। सिटी थाने में बलराज नगर में रहने वाले सागर ने मामला दर्ज करवाते हुए बताया है कि सागर और गुढ़ा गांव के तनुज उर्फ बाबा के परिवार में रंजिश चली आ रही है। सागर ने उसके ताऊ के लड़के के साथ मारपीट के मामले में बाबा ने झूठा नाम केस में लिखा दिया था। इसी को लेकर बोलचाल बंद है। बीती रात को वह अपनी वरना कार में साथियों के साथ जा रहा था।

गुढ़ा रोड पर माता वाली गली के सामने पहुंचे तो तनुज उर्फ बाबा ने अपनी डस्टर गाडी से उनका रास्ता रोक लिया। इसी बीच 5 बाइकों पर करीब 15-20 लड़के वहां पहुंचे। कुल 25-30 लड़कों ने उनको घेर लिया। इनके हाथों में लाठी, डंडे, फरसे, राड थे। इस दौरान उसकी बुआ के लड़के अजय व संजीत भाग निकले। हमलावरों ने उसे व साथी अनुज को घेर लिया। दोनों के साथ मारपीट की गई। वह भी किसी तरह भागा, लेकिन हमलावरों ने अनुज को बुरी तरह से पीटा। सिटी थाने में तनुज उर्फ बाबा और इसके 7 अन्य नामजद साथियों पर धारा 148/149/341/323/308/506 IPC के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस छानबीन में लगी है।

- Advertisment -
RELATED NEWS

Most Popular