हरियाणा , पंजाब पानीपत | PUBLISHED BY: MANOJ THAYAT | PUBLISHED ON: 21 JUN, 2022
पानीपत-जालंधल नेशनल हाईवे का जल्द होगा सौंदर्यीकरण
चडीगढ़ | हरियाणा में परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए राज्य की 'मनोहर' सरकार कई स्तर पर काम कर रही है। प्रदेश के भीतर कई स्टेट और नेशनल हाईवे का भी निर्माण किया जा रहा है। इस बीच अच्छी खबर है कि जल्द ही राज्य का मुख्य पानीपत- जालंधर नेशनल हाईवे (NH-44) का सौंदर्यीकरण होने जा रहा है। इसकी जानकारी राज्य के गृहमंत्री अनिल विज के एक पत्र के जवाब में केन्द्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने दी है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, गृहमंत्री अनिल विज ने पानीपत-जालंधर नेशनल हाईवे के हरियाणा में पड़ने वाले भाग के सौंदर्यकरण और पौधारोपण के कार्य करवाने के संर्दभ में केन्द्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखा था। इसके जवाब में उन्होने कहा कि पानीपत-जालंधर नेशनल हाईवे के सेक्शन का मॉडल स्ट्रैच तैयार किया जाएगा और जल्द ही सौंदर्यकरण और पौधारोपण के लिए टेंडर की प्रक्रिया जारी की जाएगी।
अनिल विज ने लिखा पत्र
हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने अपने पत्र में लिखा था कि भारत के इस महत्वपूर्ण हाईवे का प्रयोग ज्यादातर देश के उत्तरी राज्यों के सड़क उपयोगकर्ता करते हैं। उन्होंने इस पानीपत-जालंधर सेक्शन के सौंदर्यीकरण व पौधारोपण के कार्य के लिए एनएचएआइ के अधिकारियों को निर्देश देने के लिए केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया था। साथ ही उन्होंने इस पत्र में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) द्वारा हाईवे पर सवारी गुणवत्ता, संकेत चिन्ह इत्यादि के कार्यों के होने से यात्रा सुलभ व सुरक्षित होने की भी प्रशंसा की थी।
इसी पत्र के जवाब में केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि सौंदर्यकरण और पौधारोपण को मंजूरी दे दी गई है।