गर्मी में अमृत का काम करता है गोंद कतीरा, बॉडी को ऐसे पहुंचाता है ठंडक

गर्मी के दिनों में हर शख्स ऐसी चीजें खाने की कोशिश करता है जिससे शरीर की ठंडक बनी रहे। दही, आम पन्ना, तरबूज, खरबूजा से लेकर ऐसी ढेरों चीजों की लंबी फेहरिस्त है। इस सूची में एक नाम गोंद कतीरा का भी शामिल है। 

इस गोंद को खासतौर पर गर्मियों में ही खाया जाता है। दरअसल, गोंद कतीरा की तासीर काफी ठंडी होती है। समर सीजन में इसका सेवन पूरे शरीर में ठंडक घोलने का काम करता है। इतना ही नहीं मामूली सी दिखने वाली इस चीज में गुणों का खजाना भी छिपा हुआ है जो कई बीमारियों में लाभकारी होती है। 

गोंद कतीरा को भारतीय करकंद भी कहा जाता है। ये एक प्राकृतिक गम है जो बबूल के पेड़ से प्राप्त होती है। यह सदियों से आयुर्वेदिक चिकित्सा में भी इस्तेमाल की जाती रही है। गर्मियों में गोंद कतीरा खाने के बड़े फायदे जानते हैं। 

गोंद कतीरा पोषण की खान है।  इसमें कैल्शियम, मैग्नीशियम, फॉलिक एसिड और प्रोटीन भरपूर है।  यह गर्मियों में हीट स्ट्रोक, सनस्ट्रोक को रोकने के लिए शरीर की गर्मी को भी कम करता है। यह खून को गाढ़ा करता है तथा सांस की समस्या के साथ हृदय रोगों को दूर करने में भी बहुत फायदेमंद है। 

आमतौर पर गर्मी के मौसम में गोंद कतीरे का इस्तेमाल मिल्क शेक या नींबू पानी में मिलाकर किया जाता है। इसमें कोई स्वाद नहीं होता, लेकिन स्वास्थ्य को सही बनाए रखने के लिए इसका सेवन जरूर करना चाहिए। टेस्टलेस होने की वजह से आप इसे किसी भी चीज के साथ मिलाकर ले सकते हैं।

गर्मी के मौसम में लू लगने का खतरा ज्यादा होता है। इस दौरान बाहर जाने वाले लोग हीट स्ट्रोक से ग्रसित होते हैं। ऐसे समय में शरीर में गर्मी के असर को कम करने के लिए ठंडी चीजों का सेवन करना जरूरी है। गोंद कतीरा शरीर में मौजूद गर्मी को नियंत्रित करने में मदद करता है।

अगर मुंह में छाले हो जाएं, तो गोंद कतीरा सबसे अच्छा घरेलू नुस्खा है। इसके ठंडक देने वाले गुण छाले की सूजन और दर्द से राहत दिलाते हैं। गोंद कतीरा का पेस्ट छालों पर कुछ मिनट तक लगाए रखने से दर्द और सूजन में बहुत आराम मिलता है।

गोंद कतीरा आपके पेट को दुरुस्त रखता है। यदि आप कब्ज से पीड़ित हैं, तो रोजाना गोंद कतीरा का सेवन करें, बहुत आराम मिलेगा। कोशिश करें, कि इसे नींबू के रस या फिर ठंडे पानी में मिलाकर पीएं। चूंकि ये बेस्वाद होता है, इसलिए चाहें, तो थोड़ी चीनी भी मिला सकते हैं।

इसमें प्रोटीन होता है, जो शरीर को ऊर्जा से भर देता है। अगर गर्मी में सुस्ती, थकावट या कमजोरी महसूस कर रहे हैं तो एक गिलास में एक चम्मच भीगा हुई गोंद कतीरा , गुलाब का शरबत, चीनी और दूध डालकर ठंडा करके लें। इसे पीने के बाद शरीर को तुरंत ऊर्जा मिलेगी और आप खुद को ठीक महसूस करेंगे।

गोंद कतीरा का सेवन करना हाई ब्लड शुगर लेवल को कम करने में मदद करता है। गोंद कतीरा न सिर्फ लो ग्लाइसेमिक इंडेक्स की लिस्ट में आता है बल्कि इसमें कई ऐसे तत्व भी पाए जाते हैं, जो हाई ब्लड शुगर को कम कर सकते हैं।

गोंद कतीरा का सेवन हाई कोलेस्ट्रॉल लेवल को कम करने में मदद करता है। धमनियों में जमा बैड कोलेस्ट्रॉल हार्ट अटैक और स्ट्रोक जैसी जानलेवा स्थितियां पैदा कर सकता है। इसलिए गोंद कतीरा का सेवन करना न सिर्फ हाई कोलेस्ट्रॉल लेवल को कम करेगा बल्कि कई बीमारियों के खतरे को भी कम करेगा। 

वजन घटाने के लिए इसका सेवन बहुत अच्छा माना गया है। फाइबर की मात्रा ज्यादा होने की वजह से यह आपको ज्यादा भरा हुआ महसूस कराता है, जिससे आप अगला भोजन कम मात्रा में खाते हैं। इससे वजन कंट्रोल में रहता है।

वजन कम करने के साथ हीट स्ट्रोक से लड़ने के लिए ये सबसे अच्छा समर ड्रिंक है। खासतौर से अगर आप गर्मियों में वजन पर काबू रखने की सोच रहे हैं, तो प्रोबायोटिक खाद्य पदार्थों के साथ गोंद कतीरा को अपनी प्लेट में जरूर शामिल करें।

महिलाओं में अनियमित पीरियड्स के चलते खून की कमी होना आम है। इसके अलावा डिलीवरी के बाद भी महिलाएं काफी कमजोर हो जाती हैं। गोंद कतीरा शरीर को ताकत देने और पीरियड्स के दौरान रक्त प्रवाह को नियंत्रित करने में मदद करता है।